माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 9 से 15 सितंबर तक राज्य के कुछ स्थानों पर ही हल्की बारिश का पूर्वानुमान है। अन्य सभी भागों में माैसम साफ रहने के आसार हैं।
हिमाचल प्रदेश में आज से लेकर 15 सितंबर तक मानसून के कमजोर पड़ने की संभावना है। माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 9 से 15 सितंबर तक राज्य के कुछ स्थानों पर ही बारिश का पूर्वानुमान है। अन्य सभी भागों में माैसम साफ रहने के आसार हैं। हालांकि, 10 सितंबर को कई स्थानों पर बारिश हो सकती है। उधर, बीते 24 घंटों के दाैरान कसौली में 25.0, शिमला 18.6, जुब्बड़हट्टी 16.0, कुफरी 13.4, काहू 12.3, नयना देवी 12.2, सोलन 8.4, धर्मपुर 3.2, बिजाही 3.0, कंडाघाट 1.8 व कल्पा में 0.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। राजधानी शिमला में दोपहर करीब डेढ़ बजे झमाझम बारिश शुरू हुई।
पर्यटन क्षेत्र कसौली में निजी स्कूल के समीप चलती कार पर अचानक पेड़ गिर गया। गनीमत रही कि कार इसकी चपेट में नहीं आई, अन्यथा बड़ा नुकसान हो सकता था। कार में सवार दोनों व्यक्ति सुरक्षित हैं। पेड़ गिरने के बाद यहां से गुजर रहे लोगों ने कार सवारों को बाहर निकाला। वहीं पेड़ गिरने के बाद सड़क पर वाहनों की आवाजाही ठप हो गई। इससे एक घंटा तक जाम की समस्या बनी रही। सूचना कसौली पुलिस को दी गई। वहीं, छावनी परिषद को भी इस बारे में बताया गया।
किन्नौर जिले के निगुलसरी में लोगों की दुश्वारियां थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शुक्रवार रात से बाधित नेशनल हाईवे-5 रविवार शाम चार बजे वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल हुआ। एनएचएआई ने 70 मीटर नई सड़क बनाकर एनएच को आवाजाही के लिए बहाल किया। इससे हजारों ग्रामीणों, पर्यटकों और सेना के जवानों ने राहत की सांस ली है। इसके अलावा गाड़ियों में मंडियों के लिए रवाना होने से बागवानों ने राहत की सांस ली। हालांकि रविवार दोपहर तक हजारों लोग परेशानियां झेलते रहे। गौरतलब है कि देश सीमा को जोड़ने वाला नेशनल हाईवे-5 निगुलसरी में भूस्खलन और भूमि धंसने के कारण शुक्रवार रात को बाधित हो गया था। शनिवार को दिनभर मार्ग पर वाहनों की आवाजाही ठप रही।