10वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम घोषित, भवारना की साइना ठाकुर टाॅपर

Spread the love

HPBOSE HP Board Class 10th Result 2025 Out Check Himachal Board High School Result Topper Pass Percentage

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने 10वीं कक्षा का वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया है। परीक्षा परिणाम 79.08 फीसदी रहा है। बीते वर्ष परीक्षा परिणाम 74.61 फीसदी रहा था। न्यूगल मॉडल पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल भवारना की साइना ठाकुर 99.43 प्रतिशत अंक लेकर पहले स्थान पर रही हैं। आरके सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल घंडालवीं बिलासुपर की  रिद्धिमा शर्मा ने 99.29 फीसदी अंक लेकर दूसरा स्थान हासिल किया है। इसी तरह मॉडर्न पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल स्वारघाट की मुदिता शर्मा व मिनर्वा सीनियर सेकेंडरी स्कूल घुमारवीं की परणिका शर्मा ने 99.14 फीसदी अंक लेकर संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया है। 95,495 विद्यार्थियों ने 10वीं कक्षा की परीक्षा दी थी। इनमें से 75,862 विद्यार्थी पास हुए हैं। 13,574 विद्यार्थी अनुत्तीर्ण रहे हैं। अनुपूरक परीक्षार्थियों की कुल संख्या 5,563 हैं।

इस बार देरी से आया परीक्षा परिणाम
इस बार परीक्षा परिणाम पिछले साल के मुकाबले आठ दिन देरी से आया है। परीक्षा में बेटियों ने फिर बाजी मारी है। टाॅप 10 सूची में 88 छात्राएं व 29 छात्र शामिल हैं। स्कूल शिक्षा बोर्ड के सचिव डॉ. मेजर विशाल शर्मा ने बताया कि 10वीं कक्षा की परीक्षाएं मार्च में हुई थीं। उल्लेखनीय है कि प्रदेश में 10वीं कक्षा की वार्षिक परीक्षाएं लाहाैल-स्पीति और पांगी क्षेत्र को छोड़कर 4 मार्च से शुरू हुई थीं। इस दौरान शिक्षा बोर्ड ने 2300 के करीब परीक्षा केंद्रों का गठन किया था। पहली बार बोर्ड परीक्षा में ओएमआर सीट का इस्तेमाल किया गया था, जबकि स्टेपवाइज मार्किंग से उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन की व्यवस्था भी पहली बार बोर्ड प्रबंधन ने की थी।  प्रमाण पत्रों की प्रतियां डिजिलॉकर पर भी उपलब्ध करवाई जा रही हैं।

परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए बोर्ड ने जारी किए दूरभाष नंबर
प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से मार्च 2025 में दसवीं कक्षा के नियमित, अतिरिक्त विषय, श्रेणी सुधार व अनुपूरक परीक्षा के परीक्षार्थियों की परीक्षा संचालित की गई थी। परीक्षार्थी अपना रोल नंबर डालकर एचपीबीओएसई आधिकारिक वेबसाइट hpbose.org पर जाकर परिणाम चेक कर सकते हैं।  परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए बोर्ड मुख्यालय में कार्य दिवस के दौरान दसवीं कक्षा के परीक्षा परिणाम से संबंधित जानकारी के लिए दूरभाष नंबर 01892-242119 (शिमला, सिरमौर, लाहाैल-स्पीति, किन्नौर), 01892-242128 (कुल्लू, ऊना, सोलन), 01892-242148 (हमीरपुर, चंबा, बिलासपुर), 01892-242149 (कांगड़ा) 01892-242151 (मंडी) पर सुबह 10:00 बजे से लेकर शाम 5:00 बजे तक संपर्क कर सकते हैं।
पुनर्मूल्यांकन/पुनर्निरीक्षण की तिथियां जारी
परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं का पुनर्मूल्यांकन/पुनर्निरीक्षण करवाने के इच्छुक परीक्षार्थी संबंधित पाठशाला के माध्यम से केवल ऑनलाइन प्रणाली की ओर से बोर्ड की बेवसाइट पर पुनर्मूल्यांकन के लिए 1000 रुपये व पुनर्निरीक्षण के लिए 800 रुपये प्रति विषय की दर से  30 मई तक आवेदन कर सकते हैं। पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन करने के लिए संबंधित विषय में कम से कम 20 फीसदी अंक होना अनिवार्य है। केवल ऑनलाइन के माध्यम से निर्धारित शुल्क सहिता प्राप्त आवेदन पत्र ही मान्य होंगे तथा ऑफलाइन व बिना शुल्क के प्राप्त आवेदन पत्रों पर विचार नहीं किया जाएगा।
बीते साल भी रहा था बेटियों का दबदबा
2024 में 10वीं कक्षा के 91,130 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। 67988 विद्यार्थी पास हुए हैं। टाॅप टेन मेरिट सूची में कुल 92 विद्यार्थी शामिल रहे थे। तीसरे स्थान पर तीन विद्यार्थी रहे। टाॅपरों में 22 सरकारी और 70 निजी स्कूल के थे। प्रथम 10 स्थानों में 92 में से 71 बेटियां रहीं थीं। परीक्षा परिणाम 74.61 फीसदी रहा था।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *